ग्रेटर नोएडा वेस्ट, द न्यूज क्लिक। जिला कांग्रेस कमेटी, गौतम बुद्ध नगर के तत्वावधान में रविवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या में चढ़ावे और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोपों के विरोध में “सद्बुद्धि पदयात्रा” निकाली गई। पदयात्रा सुपरटेक इको विलेज-1 से शुरू होकर पंचमुखी हनुमान मंदिर, ग्रेटर नोएडा वेस्ट पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर श्रीराम मंदिर के वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। यदि मंदिर के वित्तीय प्रबंधन को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं, तो उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे।
उन्होंने मांग की कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने मंदिर प्रबंधन व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
दीपक भाटी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि धार्मिक संस्थाओं के संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म या मंदिर के विरोध में नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और अपारदर्शिता के खिलाफ आवाज उठा रही है।
उन्होंने कहा कि “सद्बुद्धि पदयात्रा” का उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि धर्म और आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की मांग करना है।
इस अवसर पर मुकेश शर्मा, दुष्यंत नागर, महाराज सिंह, गौतम अवाना, नीरज लोहिया, हरेन्द्र शर्मा, कपिल भाटी, श्रुति कुमारी, सुरेंद्र प्रताप, रमा नय्यर, पुनीत मावी, देवेश चौधरी, विजय नागर, सुबोध भट्ट, अरुण भाटी, अरविन्द रेक्सवाल, बिन्नू भाटी, रमेश वाल्मीकि, ओमकार राणा, नितीश चौधरी, रूपेश भाटी, मनोज कुमार, सचिन, नरेश मुखिया, जातां सिन्हा, मुन्ना, गजन प्रधान, ओमप्रकाश दीक्षित, आलोक जैन सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

