ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। आम आदमी पार्टी (AAP) किसान प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश द्वारा आगामी 17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा स्थित पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान, जगत फार्म, परी चौक में प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों से किसान प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह होंगे। इसके अलावा दिल्ली से पार्टी के कई विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी भी सम्मेलन में शामिल होंगे। यह जानकारी आम आदमी पार्टी किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कमांडो ने ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

किसानों की प्रमुख समस्याओं पर होगी चर्चा
अशोक कमांडो ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश भर से आए किसान प्रकोष्ठ के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों के सामने आ रही समस्याओं को विस्तार से रखेंगे। इनमें समय पर खाद उपलब्ध न होना, खाद के लिए लंबी कतारों में लगना, लगातार बिजली कटौती, बाढ़ एवं ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बावजूद पर्याप्त मुआवजा न मिलना, तहसीलों और पुलिस थानों में कथित दलाली एवं उत्पीड़न तथा किसानों की जमीनों पर अवैध कब्जों जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।
उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर सांसद संजय सिंह के साथ विस्तृत चर्चा कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी आवाज उठाई जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश सचिव मोहम्मद अजहर ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं और युवाओं की समस्याओं को लेकर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम किए जाने की आवश्यकता है।
E20 पेट्रोल को लेकर भी सरकार पर निशाना
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राम गुप्ता ने कहा कि E20 पेट्रोल को लेकर आम जनता में असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और इस विषय पर सरकार को स्पष्ट नीति अपनानी चाहिए।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष जतन भाटी, प्रमोद चौधरी, संदीप भाटी सहित आम आदमी पार्टी किसान प्रकोष्ठ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

