‘सेवा की कहानी’ और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा सेवा एवं विकसित भारत का संदेश
गौतमबुद्धनगर, द न्यूज क्लिक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में सेवा, स्वच्छता, सांस्कृतिक गतिविधियों, चित्रकला प्रतियोगिताओं, जनसंवाद और विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री एवं गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने अभियान की तैयारियों और विभिन्न कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल सरकारी विभागों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे व्यापक जनअभियान बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए उनके सहयोग और सहभागिता से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाए।
युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को जोड़ने पर जोर
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम की तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी हों और अभियान का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने प्रमुख शासकीय भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ अभियान से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी चित्रकला और सांस्कृतिक गतिविधियां
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग को जिले के विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालयों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अभियान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कराकर विद्यार्थियों एवं युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।

संस्कृति विभाग को विभिन्न स्थानों पर कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए स्थान और तिथियों का समय से निर्धारण करने के निर्देश दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
‘सेवा की कहानी’ से सामने आएंगी लाभार्थियों की सफलता की कहानियां
बैठक में सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके लिए ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और उनकी सफलता की कहानियों को सामने लाने की योजना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को वीडियो, फोटो और डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाए। अभियान से संबंधित कार्यक्रमों की फोटो और वीडियो नियमित रूप से विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ में तीनों प्राधिकरणों की होगी सहभागिता
प्रभारी मंत्री ने ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ जिले के तीनों प्राधिकरणों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से सेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाए। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

स्वच्छता अभियान में होगा सामूहिक श्रमदान
सेवा संकल्प अभियान के दौरान स्वच्छता कार्यक्रमों को भी व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग और समन्वय से अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता अभियानों से जोड़ा जाए। इन कार्यक्रमों में जनसामान्य, अधिकारी, कर्मचारी, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि श्रमदान करेंगे। स्वच्छता अभियान के प्रभाव को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के लिए अभियान से पहले और बाद की स्थिति के फोटो एवं वीडियो तैयार कर विभागीय पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
रंगोली के जरिए दिया जाएगा सेवा और विकसित भारत का संदेश
बैठक में ‘सेवा की कहानी’ और रंगोली कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता, सेवा, विकसित भारत-2047 और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया जाए।।इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में गौतमबुद्धनगर से प्रतिभाग करने वाले लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में होंगे समापन कार्यक्रम
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के समापन अवसर पर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने और जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की संयुक्त भागीदारी से ही सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी और व्यापक जनअभियान बनाया जा सकता है।
बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

