ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। ग्रेटर नोएडा के सबसे पुराने और प्रमुख सेक्टरों में शामिल बीटा-1 में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय निवासियों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। सेक्टर के चारों ओर चारदीवारी न होने के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, वहीं आवारा पशुओं का आतंक भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। इस गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) बीटा-1 के पदाधिकारियों ने दादरी विधायक तेजपाल नागर से मुलाकात कर उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा और जल्द कार्रवाई की मांग की।
चारदीवारी के अभाव में बढ़ रही सुरक्षा संबंधी समस्याएं
आरडब्ल्यूए द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि सेक्टर बीटा-1 सूरजपुर-कासना रोड पर स्थित है और ग्रेटर नोएडा की लाइफलाइन माने जाने वाले प्रमुख आवासीय क्षेत्रों में शामिल है। इसके बावजूद सेक्टर की सुरक्षा के लिए अब तक चारदीवारी का निर्माण नहीं किया गया है। इसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व आसानी से सेक्टर में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है।इसके अलावा आवारा पशु भी खुले रास्तों से सेक्टर में घुस आते हैं और पार्कों की रेलिंग, हरियाली तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं। कई बार ये पशु बच्चों और बुजुर्गों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर चुके हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष श्रीमती संगीता शर्मा ने बताया कि इस समस्या को लेकर 18 मार्च 2026 को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को पहला प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद 17 अप्रैल 2026 को रिमाइंडर भी भेजा गया, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सेक्टरवासी लंबे समय से इस मूलभूत सुरक्षा सुविधा की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
आरडब्ल्यूए के महासचिव हरेंद्र भाटी ने कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद चारदीवारी निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे सेक्टरवासियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आरडब्ल्यूए को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वहीं आरडब्ल्यूए के कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन कुमार भाटी ने विधायक तेजपाल नागर से आग्रह किया कि वह इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के समक्ष उठाकर जल्द से जल्द चारदीवारी निर्माण सुनिश्चित कराएं, ताकि सेक्टरवासियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
विधायक ने दिया शीघ्र समाधान का भरोसा
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष राजवीर सिंह, सचिव ओम प्रकाश शर्मा, संरक्षक डॉ. शीतला प्रसाद, एडवोकेट देवीशरण शर्मा, विनोद कसाना सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी मौजूद रहे। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने आरडब्ल्यूए की मांग को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और चारदीवारी निर्माण सहित सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का प्रयास करेंगे।
सेक्टरवासियों को उम्मीद है कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद वर्षों से लंबित यह मांग जल्द पूरी होगी और बीटा-1 के निवासियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सकेगा।

