ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (IHE) 2026 के नौवें संस्करण का दूसरा दिन भी उत्साह, नवाचार और व्यावसायिक गतिविधियों से भरपूर रहा। होटल, रेस्टोरेंट, रिसॉर्ट, फूड सर्विस, आर्किटेक्चर, इंटीरियर डिज़ाइन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े हजारों पेशेवरों, उद्यमियों, शेफ, डिज़ाइनरों और खरीदारों ने प्रदर्शनी में भाग लेकर इसे देश के सबसे बड़े हॉस्पिटैलिटी एवं होरेका (HoReCa) प्लेटफॉर्म के रूप में और अधिक मजबूत बनाया।
इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड (IEML) द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय आयोजन में दूसरे दिन ज्ञानवर्धक कॉन्फ्रेंस, प्रतियोगिताएं, लाइव डेमो, बिजनेस नेटवर्किंग और नई तकनीकों की प्रदर्शनी ने उद्योग जगत को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराया, जहां भविष्य की संभावनाओं पर गंभीर मंथन हुआ।
नवाचार और सहयोग से तय होगा हॉस्पिटैलिटी उद्योग का भविष्य
IEML के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि आज हॉस्पिटैलिटी उद्योग केवल इमारतों और निवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका भविष्य नवाचार, तकनीकी विकास, सतत समाधान और आपसी सहयोग पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि IHE ऐसा मंच बन चुका है, जहां होटल उद्योग, प्रोक्योरमेंट विशेषज्ञ, तकनीकी कंपनियां, शेफ, डिज़ाइनर और सेवा प्रदाता एक साथ आकर नए विचारों का आदान-प्रदान करते हैं तथा भविष्य के व्यावसायिक अवसरों को आकार देते हैं।
हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव 5.0 बना आकर्षण का केंद्र
दूसरे दिन का सबसे प्रमुख आकर्षण प्रोफेशनल हाउसकीपर्स एसोसिएशन (PHA) द्वारा YUVA के सहयोग से आयोजित हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव 5.0 रहा। इस कार्यक्रम में देशभर के होटल, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठानों से जुड़े हाउसकीपिंग विशेषज्ञों ने भाग लिया। कॉन्क्लेव के दौरान परिचालन उत्कृष्टता, स्वच्छता मानकों, आधुनिक तकनीकों, सतत विकास और नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने पैनल डिस्कशन के माध्यम से बदलते समय में हाउसकीपिंग की नई चुनौतियों और समाधान पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पेशेवरों को सम्मानित भी किया गया।
HOTREMAI के प्रेसिडेंट अनिल मल्होत्रा ने कहा कि किसी भी होटल में उत्कृष्ट अतिथि अनुभव के पीछे मजबूत हाउसकीपिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच पेशेवरों को वैश्विक मानकों से सीखने और नई तकनीकों को अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
उत्तर प्रदेश का ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन’ पवेलियन बना आकर्षण
प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा तैयार किया गया ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC)’ पवेलियन भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। इस पवेलियन में आगरा का प्रसिद्ध पेठा, फिरोजाबाद की दालमोठ, कन्नौज के गट्टे, कुशीनगर का लाल खोरमा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। होटल और रेस्तरां उद्योग से जुड़े खरीदारों ने इन उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल उत्तर प्रदेश की पाक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय खाद्य उद्योग और फूड टूरिज्म को भी नई दिशा देगी।
पेस्ट्री क्वीन इंडिया और बार क्राफ्ट प्रतियोगिता में दिखी नई प्रतिभा
IHE 2026 में आयोजित ‘पेस्ट्री क्वीन इंडिया 2026’ के पांचवें संस्करण में युवा पेस्ट्री शेफ्स ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगियों ने विश्वस्तरीय पेस्ट्री और डेजर्ट तैयार कर निर्णायकों को प्रभावित किया। वहीं स्पिरिट्ज़ बार क्राफ्ट चैलेंज (रूकीज़) में युवा मिक्सोलॉजिस्ट्स ने आधुनिक पेय तैयार करने की कला, प्रस्तुति और नवाचार का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता ने भारतीय बेवरेज इंडस्ट्री में उभरती नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया।
मास्टरशेफ शिप्रा खन्ना ने साझा किए सफलता के गुर
कार्यक्रम में प्रसिद्ध मास्टरशेफ शिप्रा खन्ना ने विशेष कुलिनरी मास्टरक्लास का आयोजन किया। उन्होंने आधुनिक पाक-कला, अंतरराष्ट्रीय फ्लेवर, आकर्षक फूड प्रेजेंटेशन और सफल मेन्यू तैयार करने के व्यावसायिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। इस सत्र में देशभर से आए शेफ, होटल व्यवसायी, होटल मैनेजमेंट के छात्र और फूड इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
स्ट्रीट फूड डेजर्ट प्रतियोगिता में दिखा भारतीय स्वाद का आधुनिक रूप
दूसरे दिन ‘स्ट्रीट फूड डेज़र्ट विद इनोवेटिव पैकेजिंग’ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने भारत के पारंपरिक स्ट्रीट फूड फ्लेवर को आधुनिक डेज़र्ट में बदलकर आकर्षक और पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग के साथ प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता ने यह साबित किया कि भारतीय पारंपरिक स्वादों को आधुनिक तकनीक और प्रस्तुति के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा सकता है।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और डिज़ाइन पर भी रहा विशेष फोकस
FCML Distributors Ltd. के चेयरमैन निर्मल खंडेलवाल ने कहा कि आज होटल उद्योग केवल बेहतरीन सेवाओं तक सीमित नहीं है। आधुनिक इंटीरियर, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रीमियम उत्पाद और तकनीकी समाधान भी हॉस्पिटैलिटी का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि IHE उद्योग को भविष्य के अनुरूप समाधान उपलब्ध कराने वाला प्रभावशाली मंच है।
प्रदर्शनी में कारोबार और नेटवर्किंग को मिली नई गति
दूसरे दिन होटल समूहों, रिसॉर्ट्स, कैफे, कैटरिंग कंपनियों, आर्किटेक्ट्स, इंटीरियर डिज़ाइनर्स, प्रोक्योरमेंट विशेषज्ञों और देश-विदेश से आए खरीदारों ने विभिन्न कंपनियों के साथ व्यावसायिक बैठकें कीं। प्रदर्शनी में कमर्शियल किचन, बेकरी समाधान, होटल सप्लाई, स्मार्ट हॉस्पिटैलिटी टेक्नोलॉजी, सुरक्षा प्रणाली, हाउसकीपिंग उपकरण, वेलनेस उत्पाद और आधुनिक होटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े नवीनतम उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
आगामी दिनों में होंगे कई बड़े आयोजन
IHE 2026 के आगामी दो दिनों में मास्टर बेकर्स चैलेंज इंडिया, हॉस्पिटैलिटी डिज़ाइन सिम्पोज़ियम 2026, PPFI बी2बी मीट्स, AGROPURE’S Culinary League – Battle of Besan, कुलिनरी मास्टरक्लास, होस्टेड बायर मीटिंग्स, लीडरशिप फोरम्स और कई तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
25 हजार से अधिक व्यापारिक आगंतुकों की भागीदारी
8 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में देश-विदेश के 1,000 से अधिक प्रमुख ब्रांड और 25,000 से अधिक व्यापारिक आगंतुक शामिल हो रहे हैं। IHE 2026 भारतीय हॉस्पिटैलिटी, फूड सर्विस और होरेका उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ व्यापार, नवाचार और कौशल विकास का प्रभावी मंच बनकर उभर रहा है।

