नोएडा, द न्यूज क्लिक। राष्ट्र सेविका समिति के प्रवीण वर्ग का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत राष्ट्र सेविका समिति की कार्यकर्ता एवं नोएडा सिटीजन फोरम (NCF) की कार्यकारी अध्यक्षा शालिनी सिंह ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और सेवा कार्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी से भी उनकी आत्मीय मुलाकात हुई। बैठक में राष्ट्र सेविका समिति द्वारा समाज में संस्कार, सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही युवाओं और महिलाओं की राष्ट्र निर्माण में बढ़ती भूमिका पर भी विशेष चर्चा हुई।
पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि राष्ट्र सेविका समिति केवल व्यक्तित्व निर्माण का संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त सामाजिक शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से सेविकाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति के जो संस्कार विकसित होते हैं, उन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक सेविका की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान समय में समर्पित और संस्कारित कार्यकर्ताओं की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है।

इस अवसर पर शालिनी सिंह ने कहा कि राष्ट्र सेविका समिति के प्रवीण वर्ग के प्रशिक्षण ने उन्हें संगठनात्मक कार्यशैली, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के विभिन्न आयामों को गहराई से समझने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव और संस्कार उनके सामाजिक जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बने हैं।उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान, सेवा भाव और संगठनात्मक अनुभव का लाभ नोएडा सहित अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए तथा समाज में राष्ट्रभावना, सेवा और समर्पण के मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जाए।
शालिनी सिंह ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्र सेविका समिति के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में आगे भी सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी।

