35 C
Greater Noida
Wednesday, August 19, 2026
More

    Good News : सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I शूटिंग चैंपियनशिप में निशानेबाजों का दमदार प्रदर्शन, मेजबान जेपी पब्लिक स्कूल की अक्षिता शर्मा ने जीता स्वर्ण, खिलाड़ियों ने दिखाई अद्भुत एकाग्रता और अनुशासन, मेजबान विद्यालय की अक्षिता शर्मा ने बढ़ाया गौरव

    विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मीता भंडुला ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि शूटिंग ऐसा खेल है, जो विद्यार्थियों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और निर्णय क्षमता का विकास करता है। विद्यालय की एचओडी (शारीरिक शिक्षा एवं खेल) एवं आयोजन सचिव सुश्री नीरज सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन सीबीएसई एवं एनआरएआई के सभी मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी शूटिंग प्रतियोगिता प्रभारी श्री आकाश शर्मा ने निभाई, जबकि ओलंपियन श्री दीपक कुमार ने तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।

    Must read

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। ग्रेटर नोएडा स्थित जेपी पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I शूटिंग चैंपियनशिप 2026–27 के तीसरे दिन उत्तर भारत के युवा निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने एयर राइफल और एयर पिस्टल स्पर्धाओं में सटीक निशानेबाजी, धैर्य और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां प्रत्येक अंक के लिए रोमांचक संघर्ष हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबलों ने दर्शकों और टीम अधिकारियों का भरपूर ध्यान आकर्षित किया। खिलाड़ियों ने यह साबित किया कि शूटिंग केवल निशाना लगाने का खेल नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, अनुशासन, धैर्य और तकनीकी दक्षता का अद्भुत संगम है।

    अंडर-14 वर्ग में युवा प्रतिभाओं ने किया प्रभावित

    अंडर-14 एयर पिस्टल स्पर्धा में माही त्यागी (एसएमटी ब्रह्मा देवी एस.बी.वी. मंदिर, हापुड़) ने 375 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अदिति (ग्रोवेल स्कूल, बड़ौत, बागपत) ने 363 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 एयर राइफल वर्ग में आन्वी सिंह (एसएजे स्कूल, सेक्टर-14सी, वसुंधरा, गाजियाबाद) ने शानदार 395 अंक बनाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। स्मायरा कात्यायन (कोठारी इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-50, नोएडा) ने 389 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।

    अंडर-17 वर्ग में रोमांचक मुकाबले

    अंडर-17 एयर पिस्टल प्रतियोगिता में अनाया जैन (शिव नादर स्कूल, सेक्टर-168, नोएडा) ने 378 अंक बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गायत्री मित्तल (दिल्ली पब्लिक स्कूल, सिद्धार्थ विहार, गाजियाबाद) ने 370 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 एयर राइफल वर्ग में खुशी चौधरी (आर्मी पब्लिक स्कूल, आगरा कैंट) ने दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 398 अंक अर्जित किए। वहीं सोम्या त्यागी (एसएमटी ब्रह्मा देवी एस.बी.वी. मंदिर, हापुड़) ने 395 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।

    Advertisement

    मेजबान विद्यालय की अक्षिता शर्मा ने बढ़ाया गौरव

    प्रतियोगिता का सबसे यादगार क्षण अंडर-19 एयर पिस्टल स्पर्धा में देखने को मिला, जब मेजबान जयपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अक्षिता शर्मा ने शानदार 371 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। दूसरे स्थान पर अभिलाषा शर्मा (तुलसीराम महेश्वरी पब्लिक स्कूल, मोदीनगर) रहीं, जिन्होंने 367 अंक प्राप्त किए।

    अंडर-19 एयर राइफल में भी शानदार मुकाबला

    अंडर-19 एयर राइफल वर्ग में माही चौधरी (एसएमटी ब्रह्मा देवी एस.बी.वी. मंदिर, हापुड़) ने 395 अंक अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं रुमैसा आलिया (दिल्ली पब्लिक स्कूल, गामा, ग्रेटर नोएडा) ने 392 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

    अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाओं ने बढ़ाया आयोजन का स्तर

    प्रतियोगिता का संचालन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) तथा सीबीएसई के निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक टार्गेट सिस्टम, हथियार निरीक्षण, तकनीकी सहायता, चिकित्सा सुविधा, विश्राम कक्ष, जलपान तथा सुरक्षा की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है। प्रतिभागियों और टीम अधिकारियों ने आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना की।

    विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करता है शूटिंग

    विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मीता भंडुला ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि शूटिंग ऐसा खेल है, जो विद्यार्थियों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और निर्णय क्षमता का विकास करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं और उन्हें भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करती हैं।

    विशेषज्ञों की देखरेख में सफल आयोजन

    विद्यालय की एचओडी (शारीरिक शिक्षा एवं खेल) एवं आयोजन सचिव सुश्री नीरज सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन सीबीएसई एवं एनआरएआई के सभी मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी शूटिंग प्रतियोगिता प्रभारी श्री आकाश शर्मा ने निभाई, जबकि ओलंपियन श्री दीपक कुमार ने तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। आयोजन के समन्वय में श्री सचिन कुमार और श्री कमल सिंह रावत की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    इसके अलावा तकनीकी अधिकारियों, निर्णायकों, स्कोरिंग टीम, रेंज अधिकारियों, स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

    अब निर्णायक दौर की ओर बढ़ी प्रतियोगिता

    चैंपियनशिप अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक चरण में प्रवेश कर चुकी है। आगामी दिनों में सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में उत्तर भारत के सर्वश्रेष्ठ युवा निशानेबाज पदकों के लिए आमने-सामने होंगे। खिलाड़ियों के बीच होने वाला यह संघर्ष प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बनाएगा तथा दर्शकों को उच्च स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता देखने का अवसर प्रदान करेगा।

    यह प्रतियोगिता न केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच दे रही है, बल्कि देश में शूटिंग खेल के प्रति बढ़ती रुचि और युवा प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य का भी परिचायक बन रही है।

    द न्यूज क्लिक की न्यूज

    More articles

    Latest article