ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। नॉलेज पार्क-1, ग्रेटर नोएडा स्थित ईशान शिक्षण संस्थान में मैनेजमेंट एवं लॉ पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उनके शैक्षणिक जीवन के नए अध्याय की शुरुआत के अवसर पर ओरिएंटेशन 2026 ‘दीक्षारंभ’ का भव्य आयोजन कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों के नवप्रवेशित विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल कमिश्नर (DIG), हेडक्वार्टर, गौतम बुद्ध नगर एवं आईपीएस अधिकारी श्री अजय कुमार पांडेय रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें बड़े सपने देखने, अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, “अपने सपनों को जिंदा रखिए और अपने सपनों की उड़ान को आगे बढ़ाइए। सफलता केवल मेहनत से ही प्राप्त होती है।” उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच की शक्ति समझाते हुए कहा कि व्यक्ति जिस दिशा में अपने विचारों और मेहनत को केंद्रित करता है, उसी दिशा में उसकी क्षमता उसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
विदेश की नौकरी छोड़कर चुनी पुलिस सेवा
आईपीएस अजय कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार विदेश में नौकरी का अवसर मिलने के बावजूद उन्होंने देश और समाज की सेवा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस सेवा को चुना। उनकी जीवन यात्रा, संघर्ष और महत्वपूर्ण निर्णयों ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कठिन परिस्थितियां भी व्यक्ति के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकतीं।।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने का समय नहीं है, बल्कि इसी दौरान व्यक्तित्व, सोच और भविष्य की दिशा का निर्माण होता है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने समय, ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करना चाहिए।
शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन जरूरी : डॉ. डी.के. गर्ग
कार्यक्रम में कॉलेज के चेयरमैन डॉ. डी.के. गर्ग ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज में प्रवेश केवल डिग्री प्राप्त करने की शुरुआत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक एवं व्यावहारिक अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
इसके बाद कॉलेज के CEO डॉ. तुषार आर्या एवं श्री अमन आर्या ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने, समय का सदुपयोग करने और निर्धारित लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

एल्यूमनी ने साझा किए अपने अनुभव
कार्यक्रम में सीए ज्ञान चंद्र मिश्रा तथा कॉलेज के पूर्व छात्र (एल्यूमनी) श्री पुनीत धांकर ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास और बदलते दौर की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सलाह दी।।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कॉलेज में उपलब्ध अवसरों का उपयोग केवल परीक्षा और डिग्री तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि अपने कौशल और व्यक्तित्व को विकसित करने पर भी ध्यान देना चाहिए।
मैनेजमेंट और लॉ के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
‘दीक्षारंभ’ में मैनेजमेंट और लॉ स्ट्रीम के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें बीबीए, बीसीए, बी.कॉम, एम.कॉम, बीए. एलएल.बी., एलएल.बी. एवं एलएल.एम. के विद्यार्थी शामिल रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और विशेष बना दिया।।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, उपलब्ध संसाधनों, अवसरों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना था। साथ ही विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के सभी विभागों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ‘दीक्षारंभ’ उनके कॉलेज जीवन की एक प्रेरणादायी और यादगार शुरुआत बनकर सामने आया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

