नोएडा, द न्यूज क्लिक। नोएडा के सेक्टर-105 में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। क्षेत्र में निवासियों की सुरक्षा और रात्रिकालीन आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण ने पुराने और जर्जर स्ट्रीट लाइट पोलों को बदलने का कार्य तेज कर दिया है। सेक्टर-105 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की पहल और लगातार किए गए प्रयासों के बाद पहले चरण में करीब 400 नए स्ट्रीट लाइट पोल स्थापित कर दिए गए हैं।
नए पोल लगने के बाद सेक्टर की अधिकांश सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इससे रात के समय आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है, साथ ही क्षेत्र की सुंदरता में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।
RWA ने प्राधिकरण का जताया आभार
इस महत्वपूर्ण जनहित कार्य के सफल और समयबद्ध निष्पादन पर सेक्टर-105 RWA के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय, कार्यकारिणी समिति और सभी सेक्टरवासियों ने नोएडा प्राधिकरण के स्ट्रीट लाइट विभाग का आभार व्यक्त किया। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने विशेष रूप से महाप्रबंधक (ई एंड एम) आर.पी. सिंह का धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सकारात्मक सहयोग से इस कार्य को तेजी से पूरा किया जा सका। इसके अलावा वरिष्ठ प्रबंधक अमरजीत सिंह, अवर अभियंता रोमेश पवार तथा उनकी तकनीकी टीम की तत्परता और समर्पण की भी सराहना की गई।
शेष पुराने पोल भी जल्द बदले जाएंगे
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि सेक्टर में अभी जो पुराने और जर्जर स्ट्रीट लाइट पोल शेष हैं, उन्हें भी जल्द बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण द्वारा अनुबंध तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही शेष पोलों के प्रतिस्थापन का कार्य भी तेजी से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि “सेक्टर-105 को सुरक्षित, स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह उपलब्धि RWA कार्यकारिणी समिति, नोएडा प्राधिकरण और सभी सेक्टरवासियों के सहयोग का परिणाम है। भविष्य में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को इसी गति से आगे बढ़ाया जाएगा।”
सुरक्षा और सुविधाओं में होगा और सुधार
स्थानीय लोगों का मानना है कि नई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था से न केवल अंधेरे वाले क्षेत्रों की समस्या दूर होगी, बल्कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा भी मजबूत होगी। साथ ही रात के समय होने वाली गतिविधियों और यातायात में भी आसानी होगी। सेक्टर-105 में जारी यह विकास कार्य नोएडा प्राधिकरण और RWA के समन्वित प्रयासों का उदाहरण माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र को और अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

