42.7 C
Greater Noida
Sunday, June 7, 2026
More

    Noida News : नोएडा विधानसभा की समस्याओं के समाधान हेतु हमेशा NOFAA के साथ हूं: विधायक पंकज सिंह

    Noida News: I am always with NOFAA to solve the problems of Noida Assembly: MLA Pankaj Singh

    Must read

    Noida, द न्यूज क्लिक। नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (NOFAA) की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और उत्सव के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नई कार्यकारिणी का नेतृत्व अध्यक्ष पुनीत शर्मा करेंगे। समारोह में बड़ी संख्या में एओए प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

    मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल नोएडा विधायक पंकज सिंह ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नोएडा विधानसभा क्षेत्र के लाखों अपार्टमेंट निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हमेशा NOFAA के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं, आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जैसे मुद्दों पर मिलकर काम करने की आवश्यकता है।

    पंकज सिंह ने कहा, मैं NOFAA की नई कार्यकारिणी को अपनी ओर से हार्दिक बधाई देता हूं। हाईराइज़ सोसाइटियों में रहने वाले लोगों की जो भी समस्याएं और चुनौतियां हैं, उन्हें यह संगठन मजबूती से उठाएगा। उन समस्याओं के समाधान के लिए हम सभी मिलकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करेंगे। मेरा कार्यालय हमेशा आम नागरिकों और एओए प्रतिनिधियों के लिए खुला है और जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

    उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।

    NOFAA को पूरे जिले का सबसे मजबूत फेडरेशन बनाने का लक्ष्य: पुनीत शर्मा

    टेन न्यूज़ से विशेष बातचीत में NOFAA के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने संगठन की भावी रणनीति साझा करते हुए कहा कि NOFAA ने वर्ष 2016 से लगातार लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से कार्य किया है तथा अपार्टमेंट निवासियों के हितों की आवाज़ को मजबूती से उठाया है।

    उन्होंने कहा, NOFAA आज गौतम बुद्ध नगर के इतिहास का सबसे लोकतांत्रिक फेडरेशन बनकर उभरा है। समय-समय पर नेतृत्व बदला, नई टीमों ने जिम्मेदारी संभाली और सभी ने हाईराइज़ निवासियों के हित में अपनी क्षमता के अनुसार उत्कृष्ट कार्य किया। हमारी प्राथमिकता जिले की अधिक से अधिक एओए को NOFAA से जोड़ने की है। उत्तर प्रदेश अपार्टमेंट एक्ट में एक जिले में एक सशक्त फेडरेशन की परिकल्पना की गई है और NOFAA उसी भूमिका को प्रभावी ढंग से निभाएगा।

    उन्होंने आगे कहा, हम नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और गौतम बुद्ध नगर की सभी शहरी बस्तियों एवं हाईराइज़ सोसाइटियों को एक मंच पर लाकर ऐसा मजबूत फेडरेशन तैयार करेंगे जो निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन और सरकार के साथ प्रभावी संवाद स्थापित कर सके।

    अपार्टमेंट निवासियों की आवाज़ को सरकार तक पहुंचाता रहेगा NOFAA: अब्दुल बारी

    NOFAA के उपाध्यक्ष अब्दुल बारी ने कहा कि नई टीम संगठन की विरासत को आगे बढ़ाते हुए अपार्टमेंट निवासियों की समस्याओं को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का कार्य और अधिक प्रभावी तरीके से करेगी।

    उन्होंने कहा, NOFAA वर्ष 2016-17 से अपार्टमेंट ओनर्स की आवाज़ को प्रशासन और राजनीतिक नेतृत्व तक पहुंचाने का काम कर रहा है। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ हम और अधिक ऊर्जा के साथ काम शुरू करेंगे। बड़ी संख्या में सोसाइटियां हमारे साथ जुड़ी हुई हैं और लगातार जुड़ रही हैं।

    NOFAA उन लाखों निवासियों की सामूहिक आवाज़ है जो विभिन्न सोसाइटियों में रहते हैं। उनकी समस्याओं, सुझावों और मांगों को सरकार तथा प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने की क्षमता NOFAA के पास है। हम इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।

    सरकार, प्रशासन और निवासियों के बीच सेतु की भूमिका निभाता रहेगा NOFAA: सुरोजित दत्ता

    NOFAA के महासचिव सुरोजित दत्ता ने कहा कि संगठन हमेशा से सरकार, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और अपार्टमेंट निवासियों के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करता रहा है और आगे भी यही भूमिका निभाता रहेगा।

    उन्होंने कहा, NOFAA ने हमेशा सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों और एओए के बीच संवाद स्थापित करने का काम किया है। हमारी कोशिश रहेगी कि नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान तेज़ी से हो और सोसाइटियों को आवश्यक मार्गदर्शन मिलता रहे।

    सुरोजित दत्ता ने आगे कहा, बिल्डर से जुड़े मुद्दों, कानूनी मामलों, प्रशासनिक सहयोग और अन्य आवश्यक विषयों पर हम एओए को निरंतर सहायता प्रदान करेंगे। हमारा लक्ष्य NOFAA को गौतम बुद्ध नगर का सबसे बड़ा, सबसे प्रतिनिधिक और सबसे लोकतांत्रिक फेडरेशन बनाना है, ताकि जिले के प्रत्येक अपार्टमेंट निवासी की आवाज़ प्रभावी ढंग से उठाई जा सके।

    कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि NOFAA आने वाले समय में नोएडा और गौतम बुद्ध नगर के लाखों अपार्टमेंट निवासियों के हितों की सबसे प्रभावी और सशक्त आवाज़ बनकर उभरेगा।

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article