33.1 C
Greater Noida
Monday, June 1, 2026
More

    Big News : “अब बदलेगा ग्रेटर नोएडा का इंडस्ट्रियल चेहरा!”, IBA और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी बैठक में खुला विकास का ब्लूप्रिंट, सड़क से स्ट्रीट लाइट तक… उद्योगों को मिलेगा ‘स्मार्ट सिटी’ जैसा इंफ्रास्ट्रक्चर

    Now the industrial face of Greater Noida will change!”, Blueprint of development revealed in a big meeting of IBA and Greater Noida Authority

    Must read

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन, ग्रेटर नोएडा
    आज ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री एन.जी. रवि कुमार जी के कैम्प कार्यालय, में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन(IBA) के अध्यक्ष श्री अमित उपाध्याय एवं एसोसिएशन की टीम के साथ एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याओं, आधारभूत संरचनाओं के विकास, चल रहे कार्यों एवं भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

    बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा मुख्य कार्यपालक अधिकारी महोदय को एक विस्तृत प्रशंसा एवं सुझाव पत्र भी सौंपा गया, जिसमें ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विगत कुछ समय से औद्योगिक क्षेत्रों में किए जा रहे उल्लेखनीय विकास कार्यों की सराहना की गई। एसोसिएशन ने विशेष रूप से इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण, सड़कों के चौड़ीकरण, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, इंटरलॉकिंग टाइल्स, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, हॉर्टिकल्चर, स्वच्छता व्यवस्था एवं श्रमिक सुविधा केंद्र जैसी योजनाओं को अत्यंत सराहनीय बताया।

    मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री एन.जी. रवि कुमार जी ने बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा उठाए गए सभी विषयों एवं समस्याओं को अत्यंत गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा आश्वस्त किया कि ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से एक आदर्श एवं आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में अनेक विकास कार्य प्रारंभ किए जा चुके हैं तथा कई परियोजनाएँ बजटिंग, एस्टीमेट एवं टेंडरिंग की प्रक्रिया में हैं।
    सीईओ महोदय ने जानकारी दी कि सूरजपुर गोलचक्कर से घंटा चौक एवं परी चौक तक के मार्ग को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इस मार्ग पर ग्रीन बेल्ट का विकास, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, फव्वारों का पुनः संचालन एवं पटरी सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कराए जाएँगे, जिससे ग्रेटर नोएडा की आधारभूत संरचना को और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप प्राप्त हो सके।
    उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस प्रकार वर्तमान में इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, ड्रेन, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट, हॉर्टिकल्चर एवं अन्य आधारभूत संरचनात्मक कार्य बड़े स्तर पर कराए जा रहे हैं, उसी प्रकार ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जाएँगे। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की पूरी टीम पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय सेक्टरों एवं शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत एवं व्यवस्थित बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है।

    बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा इकोटेक क्षेत्र सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के बिलों से संबंधित समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने अवगत कराया कि अनेक क्षेत्रों में जहाँ अभी तक पानी की पाइपलाइन अथवा नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, वहाँ भी उद्यमियों को लगातार पानी के बिल भेजे जा रहे थे, जिससे उद्यमियों में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।

    इस पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री एन.जी. रवि कुमार जी ने स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में नई पानी की पाइपलाइन बिछाने हेतु टेंडर जारी किए जा चुके हैं तथा कई स्थानों पर कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टरों में उद्यमियों को शीघ्र जल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएँगे तथा नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित किए जाने के उपरांत ही बिलिंग प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाएगा।

    बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री एन.जी. रवि कुमार जी ने एक अत्यंत प्रेरणादायक एवं दूरदर्शी वक्तव्य देते हुए कहा —
    “ग्रेटर नोएडा केवल एक शहर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। हमारा उद्देश्य केवल सड़क, ड्रेन या लाइट लगाना नहीं है, बल्कि एक ऐसा आधुनिक, व्यवस्थित एवं विश्वस्तरीय औद्योगिक वातावरण तैयार करना है जहाँ उद्यमियों को बेहतर सुविधाएँ, श्रमिकों को सम्मानजनक वातावरण एवं निवेशकों को विश्वास प्राप्त हो।
    प्राधिकरण की पूरी टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
    हम चाहते हैं कि ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्र आने वाले समय में मॉडल इंडस्ट्रियल सेक्टर के रूप में विकसित हों और देशभर के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करें।
    उद्यमियों, उद्योग संगठनों एवं नागरिकों के सुझाव हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्राधिकरण के दरवाजे सदैव खुले हैं और समस्याओं के समाधान हेतु हम पूरी संवेदनशीलता एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रहे हैं।”

    बैठक के उपरांत इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अमित उपाध्याय ने कहा कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री एन.जी. रवि कुमार जी के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों के विकास हेतु जिस गंभीरता एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया जा रहा है, उससे उद्यमियों में विश्वास एवं उत्साह का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि यदि इसी प्रकार योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य निरंतर चलते रहे तो ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र आने वाले समय में देश के सर्वश्रेष्ठ एवं मॉडल औद्योगिक क्षेत्रों के रूप में स्थापित होंगे।

    एसोसिएशन ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी महोदय एवं प्राधिकरण की पूरी टीम का उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित संज्ञान एवं समाधान हेतु हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
    इस अवसर पर IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय के साथ कोषाध्यक्ष श्री राकेश अग्रवाल कार्यकारिणी सदस्य श्री हर्ष तोमर एवं उद्यमी बंधु उपस्थित रहे।

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article