29.1 C
Greater Noida
Tuesday, August 25, 2026
More

    Corruption Free India News : अगस्त क्रांति से भ्रष्टाचार के खिलाफ बिगुल, 7 अगस्त से जिला मुख्यालय पर शुरू होगा जनआंदोलन, करप्शन फ्री इंडिया संगठन, कई विभागों पर लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, ‘भ्रष्टाचारियों, जिला मुख्यालय छोड़ो’ होगा आंदोलन का मुख्य नारा

    चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि किसान, मजदूर और आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के लगातार चक्कर लगाते हैं, लेकिन बिना रिश्वत दिए उनका काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते इस व्यवस्था में सुधार नहीं करता है तो जनआंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

    Must read

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। देश की आजादी के आंदोलन से प्रेरणा लेते हुए करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने गौतमबुद्ध नगर में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। संगठन ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब एवं ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में घोषणा की कि 7 अगस्त 2026 से “अगस्त क्रांति” अभियान के तहत जिला मुख्यालय सूरजपुर से भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।

    संगठन का कहना है कि जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम नागरिक, किसान, मजदूर और व्यापारी वर्ग को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अपने वैध कार्य कराने के लिए महीनों तक सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता।

    कई विभागों पर लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

    प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने कहा कि जिले के भूजल विभाग, खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, परिवहन विभाग, नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण सहित तीनों तहसीलों में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में कार्य कराने के नाम पर आम लोगों से सुविधा शुल्क मांगा जाता है और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया जाता है। चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि किसान, मजदूर और आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के लगातार चक्कर लगाते हैं, लेकिन बिना रिश्वत दिए उनका काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते इस व्यवस्था में सुधार नहीं करता है तो जनआंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

    ‘भ्रष्टाचारियों, जिला मुख्यालय छोड़ो’ होगा आंदोलन का मुख्य नारा

    संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मास्टर दिनेश नागर ने कहा कि वर्ष 1942 में महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ “भारत छोड़ो आंदोलन” का आह्वान किया था। उसी ऐतिहासिक प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए अब करप्शन फ्री इंडिया संगठन “भ्रष्टाचारियों, जिला मुख्यालय छोड़ो” के नारे के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण अभियान शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के 80 वर्ष बाद भी यदि आम नागरिक को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। इसलिए संगठन ने निर्णय लिया है कि 7 अगस्त से जिला मुख्यालय सूरजपुर में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसमें जिले भर के किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा और सामाजिक संगठन भी शामिल होंगे।

    जनभागीदारी से चलेगा आंदोलन

    संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ होगा। आंदोलन के माध्यम से शासन और प्रशासन का ध्यान आम लोगों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित विभागों में पारदर्शिता नहीं लाई गई और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से पूरे जिले में विस्तारित किया जाएगा।

    इन लोगों की रही मौजूदगी

    प्रेस वार्ता के दौरान चौधरी प्रवीण भारतीय, आलोक नागर, डॉ. शीतल प्रसाद (मुख्य संरक्षक), मास्टर दिनेश नागर, बलराज हूण, मुकेश कसाना, चौधरी प्रेमराज भाटी, शिव कुमार कसाना, ब्रह्मपाल सिंह कपसिया, गौरव भाटी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन’भ्रष्टाचारियों, जिला मुख्यालय छोड़ो’ होगा आंदोलन का मुख्य नारा ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ इस जनआंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एक पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

    द न्यूज क्लिक की न्यूज

    Previous article
    Next article

    More articles

    Latest article