33.5 C
Greater Noida
Sunday, August 16, 2026
More

    IHE Expo News : IHE 2026 का भव्य आगाज़, इंडिया एक्सपो मार्ट में जुटे हॉस्पिटैलिटी जगत के दिग्गज, ODOC पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, रिबन कटिंग के साथ हुआ औपचारिक उद्घाटन, देश का सबसे बड़ा हॉस्पिटैलिटी बिजनेस प्लेटफॉर्म, EPCH ने भारतीय हस्तशिल्प और डिजाइन को बताया उद्योग की ताकत, डॉ. राकेश कुमार बोले— IHE अब उद्योग का वार्षिक संगम

    इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि IHE अब केवल एक एक्सपो नहीं, बल्कि हॉस्पिटैलिटी उद्योग का सबसे महत्वपूर्ण वार्षिक मंच बन चुका है। उन्होंने कहा, "उद्योग जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उसी के अनुरूप IHE ऐसा मंच प्रदान करता है, जहां नवाचार निवेश से जुड़ता है, सोर्सिंग नए अवसरों में बदलती है और रणनीतिक साझेदारियां भविष्य की दिशा तय करती हैं। हमें पूरे उद्योग का एक बार फिर इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में स्वागत करते हुए गर्व हो रहा है।"

    Must read

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। भारत के हॉस्पिटैलिटी, होरेका (HoReCa) और फूड सर्विस उद्योग के सबसे बड़े बी2बी मंच इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (IHE) 2026 के 9वें संस्करण का बुधवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस मेगा आयोजन में देश-विदेश के होटल व्यवसायी, उद्योग विशेषज्ञ, खरीदार, आर्किटेक्ट, इंटीरियर डिज़ाइनर, शेफ, प्रोक्योरमेंट प्रोफेशनल्स, टेक्नोलॉजी कंपनियां और वैश्विक ब्रांड एक ही छत के नीचे एकत्र हुए। एक्सपो ने पहले ही दिन कारोबार, नवाचार और नेटवर्किंग का शानदार माहौल तैयार कर दिया।

    रिबन कटिंग के साथ हुआ औपचारिक उद्घाटन

    इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी का उद्घाटन रिबन कटिंग समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार (चेयरमैन, IEML), डॉ. नीरज खन्ना (चेयरमैन, EPCH), अमरजीत सिंह आहूजा (प्रेसिडेंट, PPFI), शालिनी कुमार (एडिटर, स्पिरिट्ज़), अनिल मल्होत्रा (प्रेसिडेंट, HOTREMAI), बरुण गुप्ता (सीओओ, इंडेवा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स), नीरज धवन (फाउंडर एवं चेयरमैन, IWIA), हेमंत सूद (चेयरमैन, IIID) तथा सुदीप सरकार (ईडी एवं सीईओ, IEML) सहित हॉस्पिटैलिटी उद्योग की अनेक प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

    देश का सबसे बड़ा हॉस्पिटैलिटी बिजनेस प्लेटफॉर्म

    IHE 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत के हॉस्पिटैलिटी उद्योग का वार्षिक महाकुंभ बन चुका है। यहां होटल इंफ्रास्ट्रक्चर, कमर्शियल किचन, फूड सर्विस उपकरण, बेकरी सॉल्यूशंस, स्मार्ट हॉस्पिटैलिटी टेक्नोलॉजी, हाउसकीपिंग, सिक्योरिटी सिस्टम, लाइटिंग, फर्निशिंग, वेलनेस और इंटीरियर डिज़ाइन से जुड़े अत्याधुनिक उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। पहले ही दिन प्रदर्शनी हॉल में हजारों व्यावसायिक आगंतुकों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत का हॉस्पिटैलिटी उद्योग तेजी से विस्तार की ओर बढ़ रहा है और नई तकनीकों को अपनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

    डॉ. राकेश कुमार बोले— IHE अब उद्योग का वार्षिक संगम

    इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि IHE अब केवल एक एक्सपो नहीं, बल्कि हॉस्पिटैलिटी उद्योग का सबसे महत्वपूर्ण वार्षिक मंच बन चुका है। उन्होंने कहा, “उद्योग जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उसी के अनुरूप IHE ऐसा मंच प्रदान करता है, जहां नवाचार निवेश से जुड़ता है, सोर्सिंग नए अवसरों में बदलती है और रणनीतिक साझेदारियां भविष्य की दिशा तय करती हैं। हमें पूरे उद्योग का एक बार फिर इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में स्वागत करते हुए गर्व हो रहा है।”

    EPCH ने भारतीय हस्तशिल्प और डिजाइन को बताया उद्योग की ताकत

    एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स (EPCH) के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना ने कहा कि भारत का हॉस्पिटैलिटी सेक्टर देश की समृद्ध शिल्प परंपरा और रचनात्मकता का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि IHE जैसे आयोजन भारतीय निर्माताओं और हस्तशिल्प उद्योग को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

    रणनीतिक खरीद और नई साझेदारियों पर जोर

    पर्चेजिंग प्रोफेशनल फोरम इंडिया (PPFI) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह आहूजा ने कहा कि आधुनिक दौर में प्रोक्योरमेंट केवल खरीद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नवाचार, गुणवत्ता और दीर्घकालिक साझेदारी का आधार बन चुका है। IHE उद्योग जगत को नए समाधान और तकनीकों से जोड़ने का प्रभावी मंच प्रदान करता है।

    ODOC पवेलियन बना सबसे बड़ा आकर्षण

    इस वर्ष प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC)’ पवेलियन रहा, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से विकसित किया गया है। इस विशेष पवेलियन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक और प्रामाणिक व्यंजनों को प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध पाक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना, फूड टूरिज्म को बढ़ावा देना और स्थानीय खाद्य उद्यमों को हॉस्पिटैलिटी एवं होरेका उद्योग से जोड़कर नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराना है।

    पेस्ट्री क्वीन इंडिया और कुलिनरी मास्टरक्लास ने बढ़ाया आकर्षण

    IHE 2026 के पहले दिन ‘पेस्ट्री क्वीन इंडिया 2026’ के पांचवें संस्करण का शुभारंभ भी हुआ। देशभर से आई प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक पेस्ट्री कला का प्रदर्शन किया। इसके अलावा प्रसिद्ध शेफ गौतम चौधरी की विशेष कुलिनरी मास्टरक्लास ने शेफ, होटल प्रोफेशनल्स और पाक-कला विशेषज्ञों को आधुनिक तकनीकों और नए व्यंजनों की जानकारी दी।

    उद्योग के भविष्य को नई दिशा देगा IHE

    IEML के ईडी एवं सीईओ सुदीप सरकार ने कहा कि भविष्य उन्हीं संस्थानों का होगा जो उत्कृष्ट अतिथि अनुभव और परिचालन दक्षता के बीच संतुलन स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा, “IHE उद्योग जगत को ऐसे विचार, तकनीक और समाधान उपलब्ध कराता है, जो होटलों को अधिक प्रतिस्पर्धी, आधुनिक और ग्राहक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”

    08 अगस्त तक जारी रहेगा आयोजन

    08 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस मेगा एक्सपो में 10,000 वर्गमीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में 1,000 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांड अपनी नवीनतम तकनीकों और उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन में 25,000 से अधिक बिजनेस विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है। आने वाले दिनों में हॉस्पिटैलिटी डिज़ाइन सिम्पोजियम 2026, हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव 5.0, PPFI बी2बी मीट्स, मास्टर बेकर्स चैलेंज इंडिया, AGROPURE’S Culinary League – Battle of Besan, मधु मंडपम्, होस्टेड बायर मीटिंग्स, लीडरशिप फोरम और कई ज्ञानवर्धक तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।

    भारत को वैश्विक हॉस्पिटैलिटी हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम

    विशेषज्ञों का मानना है कि IHE 2026 केवल व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत के हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन, खाद्य सेवा और होटल उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला मंच बन चुका है। यह आयोजन नवाचार, निवेश, तकनीक और रणनीतिक साझेदारियों के माध्यम से भारत को वैश्विक हॉस्पिटैलिटी एवं HoReCa हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

    द न्यूज क्लिक की न्यूज

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article