ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। महिला सशक्तिकरण और युवतियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन विभाग द्वारा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने प्रतिभाग कर छात्राओं और युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। मेले में कुल 17 कंपनियां शामिल हुईं, जबकि 300 से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन और 186 अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया। इस प्रकार कुल 486 छात्राओं एवं युवतियों ने रोजगार मेले में हिस्सा लिया, जिनमें से साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद 263 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए।
बेटियों को रोजगार से जोड़ना महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
मुख्य अतिथि दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पिंक रोजगार मेले जैसे आयोजन युवतियों को सीधे रोजगार प्रदाताओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।।कार्यक्रम के दौरान विधायक तेजपाल नागर, जिलाधिकारी मेधा रूपम, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्या दीपिका दुबे तथा आर्या फैशन्स की संस्थापिका खुशबू सिंह सहित अन्य अतिथियों ने चयनित युवतियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।

डीएम मेधा रूपम ने युवतियों में भरा आत्मविश्वास
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने छात्राओं और युवतियों को संबोधित करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा— “तुम्हें खुद को आम नहीं, खास बनाना है।
जागो, तुम्हें अपना इतिहास बनाना है।
मंजिल दूर सही, लेकिन कदम बढ़ाते जाना है।
आज के सपनों को कल की पहचान बनाना है।”
उन्होंने कहा कि सपने वही सच होते हैं, जिनके लिए लगातार मेहनत की जाती है। पिंक रोजगार मेले को उन्होंने बेटियों के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अनूठी पहल बताया। डीएम ने कहा कि यहां ऐसी छात्राओं और युवतियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं या विद्यालय से आगे उच्च शिक्षा की ओर बढ़ रही हैं। विभिन्न कंपनियां उनकी योग्यता और प्रतिभा के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए यहां पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि यह युवतियों के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहला कदम है और ऐसी पहल को आगे भी जारी रखा जाएगा।
‘आपके भीतर अपार शक्ति और क्षमता है’
जिलाधिकारी ने छात्राओं से कहा कि उनके भीतर अपार शक्ति और क्षमता मौजूद है। जरूरत केवल अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य को पहचानकर उसका सही दिशा में इस्तेमाल करने की है। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने कौशल को विकसित करें, मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में नागरिक समाज और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी मौजूद हैं, जो छात्राओं से संवाद कर रहे हैं और उन्हें रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने के इच्छुक हैं। शिक्षिकाओं द्वारा भी छात्राओं को लगातार मार्गदर्शन दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि भविष्य में छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो उसके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
जिला सेवायोजन विभाग और युवा शक्ति फाउंडेशन के बीच एमओयू
कार्यक्रम के दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर और युवा शक्ति फाउंडेशन के मध्य रोजगार संवर्धन के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। अधिकारियों के अनुसार इसका उद्देश्य युवाओं और रोजगारदाताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा रोजगार के अवसरों को और व्यापक बनाना है। जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष रूप से पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रतिभागी कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और प्रतिभा के आधार पर साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
इन कंपनियों ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में आर्या फैशन्स, युवा शक्ति फाउंडेशन, स्पेरी टेक्नो सॉल्यूशंस, आईएलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स, मदरसन मेट, सनन, सिद्धी इंपोर्टेड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, नवितस्य, फुरुकवा मिंडा, आर्टेमिस हॉस्पिटल, सथ्या विकास, मिंडा कॉर्पोरेशंस, युवा शक्ति स्किल इंडिया, कीटिंग प्रेस्टिज, दक्षिण राइटिंग इंस्ट्रूमेंट्स, गुजरात हेल्थकेयर और मिकम इंडिया सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों की ओर से रोजगार अवसर उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में कंपनियों के प्रतिनिधियों, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विभागीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में छात्राओं एवं युवतियों ने हिस्सा लिया। पिंक रोजगार मेले में 263 युवतियों का चयन महिला सशक्तिकरण को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिले की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया।

