41.5 C
Greater Noida
Monday, June 8, 2026
More

    YEIDA की 90वीं बोर्ड बैठक में बड़े फैसले: 30,885 करोड़ का निवेश, 8,000 हेक्टेयर इंडस्ट्रियल नोड, जेवर में ट्रैफिक पार्क और गौशाला मॉडल को मंजूरी

    Major decisions in YEIDA's 90th board meeting: 30,885 crore investment, 8,000 hectares of industrial node, traffic park in Jewar and gaushala model approved

    Must read

    ग्रेटर नोएडा, द न्यूज क्लिक। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 90वीं बोर्ड बैठक में औद्योगिक निवेश, किसानों के हित, फिल्म सिटी, हेरिटेज सिटी, ट्रैफिक पार्क, गौशाला संचालन और नए इंडस्ट्रियल नोड समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास आलोक कुमार ने की।
    GBC-5.0 में लक्ष्य से आगे निकला यमुना प्राधिकरण
    उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के तहत आयोजित GBC-5.0 में यमुना प्राधिकरण को 30,000 करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य मिला था। प्राधिकरण ने 30,885.69 करोड़ रुपये के निवेश के साथ लक्ष्य को पार कर लिया। इस उपलब्धि के साथ 136 औद्योगिक इकाइयों ने निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारा।


    137 औद्योगिक भूखंड आवंटित, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र को बढ़ावा
    वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में कुल 137 औद्योगिक भूखंड आवंटित किए गए। इनमें मेडिकल डिवाइस पार्क, एमएसएमई, टॉय पार्क, अपैरल पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और सेमीकंडक्टर उद्योग प्रमुख रहे। इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड (HCL-Foxconn ज्वाइंट वेंचर), एस्कॉर्ट्स कुबोटा, हैवेल्स, मिंडा कॉर्प, SAEL सोलर और इंटीग्रेटेड बैटरीज इंडिया जैसी कंपनियों की परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया।

    इंडिया चिप और एस्कॉर्ट्स कुबोटा के लीज डीड को अंतिम मंजूरी

    बोर्ड ने क्षेत्र में स्थापित हो रही बड़ी औद्योगिक इकाइयों India Chip Pvt. Ltd. और Escorts Kubota Limited के लीज डीड प्रकरणों को अंतिम रूप दे दिया। इससे दोनों परियोजनाओं के निर्माण और संचालन का रास्ता और साफ हो गया है।
    8,000 हेक्टेयर में विकसित होगा नया इंडस्ट्रियल नोड
    अलीगढ़ रोड और यमुना एक्सप्रेसवे के बीच लगभग 8,000 हेक्टेयर क्षेत्र को नए इंडस्ट्रियल नोड के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दी गई। इस क्षेत्र के विकास के लिए परामर्शदाता संस्था द्वारा तैयार आरएफपी को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे डिफेंस कॉरिडोर और जेवर एयरपोर्ट को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

    किसानों को मिला 3,050 करोड़ रुपये से अधिक अतिरिक्त प्रतिकर

    प्राधिकरण ने बताया कि वर्ष 2014-15 से मई 2026 तक किसानों को अतिरिक्त प्रतिकर के रूप में कुल 3,050 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इसमें जेपी इंफ्राटेक प्रभावित किसानों को दी गई राशि भी शामिल है।

    07 प्रतिशत आबादी भूखंड योजना में बड़ी प्रगति

    बोर्ड बैठक में किसानों को दिए जाने वाले 7 प्रतिशत आबादी भूखंडों की समीक्षा की गई। अब तक 11,211 पात्र कूपों का विस्तृत प्रकाशन किया जा चुका है। इनमें से 7,035 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए गए हैं तथा 4,176 भूखंड विभिन्न सेक्टरों में नियोजित किए जा चुके हैं। हाल ही में रघुपुरा, तिरखली, मुरादगढ़ी, कुरैब, दनकौर, म्याना, मकसूदपुर, थोरा, मिर्जापुर, मोहम्मदाबाद खेड़ा और उतरावली समेत 11 गांवों के 4,176 कूपों का विस्तृत प्रकाशन भी किया गया है।

    लीज डीड नहीं कराने वालों को अंतिम अवसर

    प्राधिकरण ने आवासीय योजनाओं के उन आवंटियों को राहत दी है जिन्होंने अब तक लीज डीड नहीं कराई है। विलंब शुल्क की नई व्यवस्था लागू करते हुए ऐसे आवंटियों को निर्धारित अवधि के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का अवसर दिया गया है, अन्यथा नियमानुसार भूखंड निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

    जेवर में बनेगा ट्रैफिक पार्क एवं ट्रेनिंग सेंटर

    युवा पीढ़ी को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से जेवर क्षेत्र में Traffic Park cum Training Centre स्थापित करने को मंजूरी दी गई। यह परियोजना Honda India Foundation के सहयोग से उसके CSR फंड से विकसित की जाएगी। भूमि प्राधिकरण निःशुल्क उपलब्ध कराएगा जबकि स्वामित्व YEIDA के पास रहेगा। बोर्ड ने इसके लिए तैयार एमओयू को भी मंजूरी दे दी।

    फलैदा बांगर गौशाला का संचालन अब ट्रस्ट के माध्यम से
    ग्राम फलैदा बांगर स्थित अस्थायी गौ-आश्रय स्थल को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। लगभग 5.56 हेक्टेयर में विस्तारित इस गौशाला के संचालन, भरण-पोषण और रखरखाव की जिम्मेदारी स्वयंसेवी संस्था या ट्रस्ट को दी जाएगी। उद्देश्य गौवंश की बेहतर देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना है।

    सेक्टर-8 श्रृंखला के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

    प्राधिकरण ने सेक्टर-8, 8ए, 8बी, 8सी, 8डी, 8ई और 8एफ के आंतरिक विकास कार्यों को ईपीसी (EPC) मोड पर कराने का निर्णय लिया। इससे इन सेक्टरों में सड़क, सीवर, जलापूर्ति और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।

    हेरिटेज सिटी और फिल्म सिटी परियोजनाओं पर भी बढ़ा काम

    मथुरा में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी परियोजना के संशोधित बिड डॉक्यूमेंट को आगे की स्वीकृति के लिए PPPBEC समिति के समक्ष भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं फिल्म सिटी परियोजना के डेवलपर Bayview Projects LLP ने बोर्ड के समक्ष परियोजना की प्रगति और कार्ययोजना प्रस्तुत की।

    एक नजर में बैठक के सबसे बड़े फैसले
    GBC-5.0 में 30,885 करोड़ रुपये का निवेश हासिल।
    137 नए औद्योगिक भूखंडों का आवंटन।

    इंडिया चिप और एस्कॉर्ट्स कुबोटा परियोजनाओं को मंजूरी

    8,000 हेक्टेयर में नया इंडस्ट्रियल नोड विकसित होगा।
    किसानों को 3,050 करोड़ रुपये से अधिक अतिरिक्त प्रतिकर।
    11,211 कूपों का प्रकाशन, 4,176 आबादी भूखंड नियोजित। जेवर में Honda Foundation के सहयोग से ट्रैफिक पार्क बनेगा।

    फलैदा बांगर गौशाला का संचालन ट्रस्ट को सौंपने की तैयारी

    सेक्टर-8 से 8एफ तक विकास कार्य EPC मोड पर होंगे।
    हेरिटेज सिटी और फिल्म सिटी परियोजनाओं को नई गति।
    यमुना प्राधिकरण की 90वीं बोर्ड बैठक के निर्णयों को जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र, औद्योगिक निवेश, किसानों के पुनर्वास और आधारभूत विकास के लिहाज से अब तक की सबसे महत्वपूर्ण बैठकों में से एक माना जा रहा है।

    More articles

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Latest article