31.5 C
Greater Noida
Sunday, July 12, 2026
More

    फोनरवा द्वारा आयोजित बैठक में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं जनसहभागिता को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

    In the meeting organised by Phonarwa, Police Commissioner Laxmi Singh gave important instructions regarding law and order, security and public participation

    Must read

    नोएडा, द न्यूज क्लिक। फोनरवा कार्यालय, सेक्टर-52 में आज नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह जी की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोएडा की सभी आरडब्ल्यूए (RWA’S) के पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं सुझावों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा*।

    बैठक के दौरान विभिन्न सेक्टरों के प्रतिनिधियों ने नियमित पुलिस गश्त, यातायात व्यवस्था, पार्कों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों, सुरक्षा एजेंसियों के सत्यापन,किरायेदारों के सत्यापन तथा साप्ताहिक बाजारों के कारण लगने वाले जाम जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया
    फोनरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा जी ने पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में बेहतर पुलिस व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं आरडब्ल्यूए के बीच निरंतर संवाद से शहर में सुरक्षा का वातावरण और मजबूत हुआ है।योगेन्द्र शर्मा जी ने यह भी अवगत कराया कि बहुत सारे सेक्टरों अवैध गेस्ट हाउस संचालित हो रहे है,जिनमें कि आपात स्तिथि से निपटने के लिए सुरक्षा से संबंधित कोई भी संसाधन नही है,इस प्रकार के अवैध गेस्ट हाउस की जांच कर कार्रवाही की जाऐ,
    बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा सांद मिंया खान,उपायुक्त ट्रेफिक अभय सिंह जी,उपरोक्त क्राइम साव्या गोयल जी,ADCP मनीषा सिंह जी,ACP,प्रवीन रंजन सिंह,राकेश प्रताप सिंह व
    सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
    बैठक के दौरान सेक्टर-63 थाना क्षेत्र से संबंधित आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों द्वारा क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम एवं नियमित पुलिस गश्त नहीं होने की शिकायत उठाई गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने तत्काल संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित थानाध्यक्ष व चौकी इनचार्ज को सस्पेंड करने हेतु आदेशित किया व क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
    पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नोएडा के सभी क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिल सके। उन्होंने सभी डीसीपी, एडीसीपी एवं एसीपी अधिकारियों को प्रत्येक माह कम से कम एक बार अपने-अपने क्षेत्रों की आरडब्ल्यूए के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके तथा पुलिस-जन संवाद और मजबूत हो।
    पार्कों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर प्राप्त शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने एक अभिनव पहल की घोषणा की। उन्होंने सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में तीन माह की अवधि के लिए एक-एक पार्क की जिम्मेदारी लेने के निर्देश दिए। इस व्यवस्था के तहत संबंधित अधिकारी उस पार्क में नियमित निगरानी, गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, जिससे पार्कों में आने वाले नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
    सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में कार्यरत निजी सुरक्षा एजेंसियों का पूर्ण सत्यापन कराने के बाद ही उनकी सेवाएं लें। साथ ही पुलिस विभाग भी समय-समय पर विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों एवं उनके सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली एवं सत्यापन की जांच करेगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।
    बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्याओं और जाम के मुद्दे पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस पर पुलिस कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि नोएडा पुलिस शीघ्र ही नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करेगी, ताकि नागरिकों को अनावश्यक जाम एवं असुविधा का सामना न करना पड़े।
    अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि नोएडा पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि पुलिस और नागरिकों के बीच सहयोग एवं संवाद जितना मजबूत होगा, शहर उतना ही सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगा। उन्होंने सभी आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से पुलिस के साथ सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।

    बैठक का समापन शहर को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं भयमुक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर द्वारा दिए गए निर्देशों एवं जनहित में घोषित पहलों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

    More articles

    Latest article