नोएडा, द न्यूज क्लिक।
नोएडा के ग्राम सलारपुर में विकास कार्यों को नई गति देते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह ने करोड़ों रुपये की लागत से पूर्ण हुई एवं प्रस्तावित महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्राधिकरण अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सलारपुर में सामुदायिक केंद्र निर्माण कार्य सहित कई विकास परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया गया। लगभग 306.58 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाला यह सामुदायिक केंद्र ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इसके अलावा ग्राम सलारपुर में सीसी रोड, नाली, कल्वर्ट, एमएस जाल एवं अन्य सिविल मरम्मत कार्यों की परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया। लगभग 377.33 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों से गांव की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन तथा जल निकासी जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर एक अन्य महत्वपूर्ण परियोजना के तहत सेक्टर-101 मेट्रो स्टेशन से डीएससी रोड तक सिंचाई नाले की आरसीसी दीवार निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। लगभग 213.71 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली यह परियोजना क्षेत्र में जल प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नाले के आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षा और सुविधा प्रदान करेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग से नोएडा एवं उसके गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाकर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
लोकार्पण समारोह में भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विपुल शर्मा, मंडल अध्यक्ष नीरज चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण झा, मंडल मंत्री अंकित भाटी, नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एस.पी. सिंह, महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों और प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से गांव में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
सलारपुर में विकास कार्यों की सौगात: सांसद महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने करोड़ों की परियोजनाओं का किया लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
The gift of development works in Salarpur: MP Mahesh Sharma and MLA Pankaj Singh inaugurated projects worth crores

