ग्रेटर नोएडा वेस्ट, द न्यूज क्लिक। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा (बिसरख) स्थित जिला कांग्रेस कैंप कार्यालय में सोमवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 6 अगस्त से दादरी विधानसभा क्षेत्र से शुरू होने वाली जनसंवाद यात्रा की तैयारियों, संगठन के विस्तार, जनसंपर्क अभियान और चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में जिला कांग्रेस के जिला संयोजक जोगेश नेहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने की। बैठक में जिले भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जनसंवाद यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।
जनता के बीच जाएगी कांग्रेस, हर वर्ग की समस्याएं सुनेगी पार्टी
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और आगामी जनसंवाद यात्रा का उद्देश्य भी आम जनता के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि आज किसान प्राधिकरण से जुड़ी समस्याओं, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, स्थानीय परिवहन व्यवस्था, बिल्डर-बायर विवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं जैसे कई मुद्दों से जूझ रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता इन सभी विषयों को लेकर गांव-गांव, सेक्टर-सेक्टर, सोसायटी-सोसायटी और घर-घर पहुंचेंगे।
दीपक भाटी ने कहा कि 6 अगस्त से दादरी विधानसभा क्षेत्र से प्रारंभ होने वाली जनसंवाद यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को सुनने और उसे मजबूती से उठाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों से सीधे संवाद स्थापित करेंगे और उनकी समस्याओं को पार्टी मंच के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
जनसंवाद यात्रा को सफल बनाने के लिए सौंपी गई जिम्मेदारियां
बैठक के दौरान जनसंवाद यात्रा के सफल संचालन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। यात्रा के रूट, गांवों में जनसभाओं, स्वागत समितियों के गठन, सोशल मीडिया अभियान, प्रचार-प्रसार, बूथ स्तर तक संपर्क और स्थानीय संगठनात्मक समन्वय को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। जिला अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और संगठनात्मक भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी से ही यात्रा को ऐतिहासिक बनाया जा सकता है।
कार्यकर्ता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत : जोगेश नेहरा
बैठक को संबोधित करते हुए जिला संयोजक जोगेश नेहरा ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाता है, तब संगठन स्वतः मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनता ऐसे राजनीतिक विकल्प की तलाश कर रही है जो उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करे। कांग्रेस को जनता के बीच पूरी मजबूती और सकारात्मक सोच के साथ जाना होगा। जोगेश नेहरा ने कहा कि जनसंवाद यात्रा को केवल एक कार्यक्रम न मानकर जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। प्रत्येक कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और कांग्रेस की विचारधारा तथा जनहितकारी नीतियों से जनता को अवगत कराए।
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठनात्मक तैयारी तेज
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा ताकि कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
जनसंवाद यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का लिया संकल्प
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में जनसंवाद यात्रा को सफल और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। संचालन मुकेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर धर्मेंद्र भाटी, दुष्यंत नागर, किशन शर्मा, धर्मवीर प्रधान, मुकेश शर्मा, सूबेदार सतपाल सिंह, नीरज लोहिया, हरिंद्र शर्मा, सतीश शर्मा, महाराज सिंह, अरुण भाटी, सुरेंद्र प्रताप सिंह, धर्म सिंह, गौतम सिंह, बिन्नू भाटी, आर.के. प्रथम, दयानंद नागर, रमेश वाल्मीकि, नीतीश चौधरी, सुबोध भट्ट, सचिन शर्मा, सचिन जीनवाल, विपिन त्यागी, असगर अली, अरविंद रेक्सवाल, अमित कुमार, अंकित भाटी, श्रुति, धीरा सिंह, रमेश जीनवाल, जतन सिन्हा, दुर्गेश कुमार, सुनील सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

