34.7 C
Greater Noida
Friday, August 21, 2026
More

    Dadri Bus News : ग्रेटर नोएडा से हापुड़ की सीधी बस सेवा की उठी मांग, दादरी-धौलाना मार्ग से सफर होगा आधा, समय और धन दोनों की होगी बचत

    Demand for direct bus service from Greater Noida to Hapur, half of the journey will be done by Dadri-Dhaulana route

    Must read

    दादरी, द न्यूज क्लिक। ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दादरी, एनटीपीसी और धौलाना होते हुए हापुड़ तक सीधी बस सेवा शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) के क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM), ग्रेटर नोएडा से जनहित में इस मार्ग पर नियमित बस सेवा संचालित करने का अनुरोध किया है।

    डॉ. आनंद आर्य ने कहा कि वर्तमान समय में ग्रेटर नोएडा से हापुड़ जाने वाले यात्रियों को नोएडा और गाजियाबाद होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। इससे यात्रियों का समय और किराया दोनों अधिक खर्च होते हैं। जबकि ग्रेटर नोएडा–दादरी–एनटीपीसी–धौलाना–हापुड़ मार्ग अपेक्षाकृत काफी छोटा है और इस मार्ग से यात्रा करने पर दूरी लगभग आधी रह जाती है।

    उन्होंने बताया कि यदि इस रूट पर सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू की जाती है तो प्रतिदिन नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, व्यापारियों, किसानों और आम यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा बल्कि परिवहन व्यय में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।

    डॉ. आर्य ने कहा कि यह बस सेवा गौतम बुद्ध नगर और हापुड़, दोनों जिला मुख्यालयों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगी, जिससे दोनों जिलों के बीच सामाजिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

    उन्होंने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम से मांग की कि जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए और ग्रेटर नोएडा परी चौक से दादरी, एनटीपीसी, धौलाना होते हुए हापुड़ तक नियमित सीधी बस सेवा प्रारंभ की जाए, ताकि हजारों यात्रियों को सुविधाजनक, किफायती और समयबद्ध परिवहन उपलब्ध हो सके।

    More articles

    Latest article