31.5 C
Greater Noida
Sunday, July 12, 2026
More

    Big News : कूड़ा उठाने वाली एजेंसी की आए दिन हड़ताल से नोएडा में स्वास्थ्य संकट; RWA सेक्टर 105 ने मुख्य कार्यपालिका अधिकारी को लिखा पत्र, गर्मी के मौसम में सड़ रहे कचरे से फैली भारी दुर्गंध, संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा

    Must read

    नोएडा, रफ़्तार टूडे। आर० डब्ल्यु० ए० अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने प्राधिकरण से की लापरवाह एजेंसी पर भारी जुर्माना लगाने और स्थायी बैकअप प्लान बनाने की मांग। नोएडा के सेक्टर 105 सहित विभिन्न क्षेत्रों में कचरा संग्रहण करने वाली अधिकृत एजेंसी की बार-बार होने वाली अचानक हड़ताल ने स्थानीय निवासियों का जीना दूभर कर दिया है। आए दिन ठप होने वाली सफाई व्यवस्था के कारण पूरे क्षेत्र में गंदगी का अंबार लग गया है और एक गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा हो गया है। इस विकट समस्या को लेकर आर० डब्ल्यु० ए० सेक्टर 105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालिका अधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
    ​प्राधिकरण को भेजे गए पत्र में RWA अध्यक्ष ने कहा है कि कचरा न उठाए जाने के कारण आवासीय क्षेत्रों, पार्कों के कोनों और मुख्य मार्गों के किनारों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं। वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण यह कचरा सड़कों पर ही सड़ रहा है, ओर दुर्गंध फैल रही हैं । नागरिकों का घरों में बैठना और रास्तों से गुजरना भी दूभर हो चुका है।*
    ​महामारी का मंडरा रहा है खतरा

    आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ( दीपक शर्मा ) ने बताया कि इस गंदगी के कारण क्षेत्र में मक्खियों और मच्छरों का प्रकोप अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया है। इससे स्थानीय निवासियों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी घातक व संक्रामक महामारियों के फैलने का वास्तविक और गंभीर खतरा पैदा हो गया है। आए दिन की इस हड़ताल से जनता खुद को असहाय और बंधक महसूस कर रही है।

    ​RWA ने प्राधिकरण के समक्ष रखीं तीन प्रमुख मांगें:-

    1-त्वरित वैकल्पिक व्यवस्था:- नोएडा प्राधिकरण बिना किसी देरी के अपने स्तर पर अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों और वाहनों को तैनात करे, ताकि सेक्टरों में जमा कूड़े को तुरंत हटाकर नागरिकों को राहत दी जा सके।

    2- ​लापरवाह एजेंसी पर दंडात्मक कार्रवाई:- बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार हड़ताल पर जाकर शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था को दांव पर लगाने वाली एजेंसी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और अनुबंध की शर्तों के तहत उन पर भारी जुर्माना लगाया जाए।

    3-​स्थायी समाधान (बैकअप प्लान): भविष्य में ऐसी संकटपूर्ण स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए प्राधिकरण एक सुदृढ़ और स्थायी वैकल्पिक योजना तैयार रखे ताकि निजी एजेंसियों की मनमानी पर रोक लग सके।

    ​RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) ने उम्मीद जताई है कि मुख्य कार्यपालिका अधिकारी जनहित और नागरिकों के स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए इस गंभीर मामले का संज्ञान लेंगे और अतिशीघ्र नोएडा वासियों को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति दिलाएंगे।

    More articles

    Latest article