30.9 C
Greater Noida
Thursday, June 18, 2026
More

    BIG News : राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर नोएडा कांग्रेस कार्यालय में गूंजे श्रद्धांजलि के स्वर, पूर्व प्रधानमंत्री को याद कर भावुक हुए कार्यकर्ता, कहा- 21वीं सदी का सपना दिखाने वाले दूरदर्शी नेता थे ’राजीव गांधी’

    BIG News: On the 35th death anniversary of Rajiv Gandhi, sounds of tribute echoed in the Noida Congress office, workers became emotional remembering the former Prime Minister, said - 'Rajiv Gandhi' was a visionary leader who showed the dream of the 21st century.

    Must read

    नोएडा, द न्यूज़ क्लिक।
    देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न और आधुनिक भारत में सूचना एवं संचार क्रांति के जनक माने जाने वाले स्वर्गीय राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को नोएडा महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय, सेक्टर-52 में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि भारत को तकनीकी युग में आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा श्रेय राजीव गांधी को जाता है। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा वातावरण भावुकता और सम्मान से भरा दिखाई दिया। “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से कांग्रेस कार्यालय गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे उस सोच का नाम थे जिसने भारत को 21वीं सदी के सपनों से जोड़ा।

    “राजीव गांधी ने भारत को नई सोच दी” — मुकेश यादव

    श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नोएडा महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश को आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में नई दिशा देकर भारत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि आज देश जिस डिजिटल युग में आगे बढ़ रहा है, उसकी शुरुआत राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच से हुई थी। उन्होंने कहा—“राजीव गांधी ने युवाओं को राजनीति और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया। उन्होंने भारत को 21वीं सदी की सोच दी। आज मोबाइल, इंटरनेट और डिजिटल कनेक्टिविटी जिस स्तर पर दिखाई देती है, उसकी बुनियाद राजीव गांधी के समय में रखी गई थी।” मुकेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा राजीव गांधी के आदर्शों और विकासवादी सोच को आगे बढ़ाने का कार्य करती रहेगी।

    “युवाओं के प्रेरणास्रोत थे राजीव गांधी” — यतेन्द्र शर्मा

    उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं नोएडा कांग्रेस नेता यतेन्द्र शर्मा ने श्रद्धांजलि सभा में कहा कि राजीव गांधी युवाओं के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने देश के युवाओं को नई ऊर्जा और नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने ऐसे समय में तकनीक और संचार क्रांति की शुरुआत की, जब भारत इन क्षेत्रों में काफी पीछे था। कंप्यूटर और दूरसंचार को बढ़ावा देकर उन्होंने भारत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया। यतेन्द्र शर्मा ने कहा “आज देश जिस डिजिटल इंडिया की बात करता है, उसका विजन सबसे पहले राजीव गांधी ने ही देखा था। उनका सपना था कि भारत तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर और आधुनिक बने।”

    “देश सेवा और लोकतंत्र के प्रति समर्पित था उनका जीवन” — ललिता अवाना

    महानगर संगठन प्रभारी ललिता अवाना ने कहा कि राजीव गांधी का पूरा जीवन देश सेवा, लोकतंत्र और विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए राजीव गांधी के आदर्श आज भी मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा—
    “राजीव गांधी ने राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता और आधुनिक सोच को बढ़ावा दिया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि देशहित सर्वोपरि होना चाहिए।”
    ललिता अवाना ने कहा कि कांग्रेसजन उनके बताए रास्ते पर चलकर देशहित में कार्य करने का संकल्प लेते हैं।

    श्रद्धांजलि सभा में दिखी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता

    कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय राजीव गांधी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और युवा कांग्रेस सदस्य मौजूद रहे। सभी ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व और कार्यशैली आज भी देश की राजनीति के लिए प्रेरणा हैं।

    कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
    इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, उत्तर प्रदेश कांग्रेस सदस्य एवं नोएडा कांग्रेस नेता यतेन्द्र शर्मा, उपाध्यक्ष ललित अवाना, उपाध्यक्ष राज कुमार भारती, महासचिव राम कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष संजय तनेजा, नॉर्थ ब्लॉक अध्यक्ष राहुल पांडये, सुमन रॉय, उर्मिला चौधरी, डॉ सीमा, सिवानी पवार, सतीश पांचाल, अरुण प्रधान, रोहित कुमार, विक्रम सिंह, पंकज वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

    More articles

    Latest article