दादरी, द न्यूज क्लिक। गौतमबुद्ध नगर के गांव चित्रा में मंगलवार, 14 जुलाई को वरिष्ठ समाजसेवी पंडित पीतांबर शर्मा के जन्मदिन एवं उनके पुत्र हर्षित गौड़ के पूजन कार्यक्रम के समापन अवसर पर विशाल सम्मान एवं प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के वरिष्ठ राजनेता, पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियों ने भाग लेकर पंडित पीतांबर शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कलराज मिश्र ने दिया आशीर्वाद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने पंडित पीतांबर शर्मा और उनके पुत्र हर्षित गौड़ को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पंडित पीतांबर शर्मा की कर्मठता, संघर्षशीलता और समाज सेवा की भावना अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि समय हमेशा परिवर्तनशील होता है और मेहनत एवं समर्पण का फल अवश्य मिलता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंडित पीतांबर शर्मा समाज की सेवा के अपने कार्यों को आगे भी इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ जारी रखेंगे।

कई जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद रहे मौजूद
कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर, दादरी नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, सिकंदराबाद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित, अनूपशहर की पूर्व अध्यक्ष अर्चना शर्मा, लखावटी के प्रधानाचार्य पी.के. शर्मा, प्रतिष्ठित शिक्षाविद योगेश्वर नागर, देवेंद्र खटाना, परमानंद शर्मा, जिला पंचायत सदस्य, व्यापार प्रकोष्ठ की अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी तथा हाल ही में सेवानिवृत्त हुए एडीएम (एलए) बच्चू सिंह भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उनका भी सम्मान किया गया।
पूर्व राज्यपाल के साथ आए श्री तिवारी जी का भी समारोह में विशेष रूप से सम्मान किया गया।
सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की हस्तियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में डॉ. वंदना वशिष्ठ (हापुड़), गाजियाबाद की पार्षद हेमलता शर्मा, आलोक शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। क्षेत्र के कई अधिकारी, जो अपने व्यस्त सरकारी दायित्वों के बावजूद समय निकालकर पहुंचे, उन्होंने भी पंडित पीतांबर शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
गांव और नगर के लोगों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में दादरी क्षेत्र के गांवों और नगर के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सभी ने पंडित पीतांबर शर्मा के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान आत्मीय वातावरण देखने को मिला और अतिथियों ने परिवार के साथ समय बिताकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इनके सहयोग से हुआ आयोजन
इस भव्य कार्यक्रम के आयोजन में वेद राम शर्मा, अशोक शर्मा, कपिल गौड़ सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और समाज में आपसी भाईचारे, सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

