27 C
Greater Noida
Tuesday, July 21, 2026
More

    Breaking News : भामाशाह जयंती पर गूंजा व्यापारी एकता का संदेश: नोएडा में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ का आयोजन, अधिकारों और संगठन पर दिया गया जोर

    Message of trader unity echoed on Bhamshah Jayanti: 'Trader Welfare Day' organised in Noida, emphasis given on rights and organisation

    Must read

    नोएडा, द न्यूज क्लिक। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं अधिवक्ता गौरव सिंघल के संयोजन में अग्रसेन भवन, नोएडा में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वैश्य एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल मित्र मंडल एवं सेक्टर-50 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग, किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता सुभाष कुमार भाटी, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल तथा अखिल भारतीय अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा कृष्ण गर्ग उपस्थित रहे। वहीं समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव नवीन गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपक विग ने समाज के सभी वर्गों की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि वैश्य समाज को केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक रूप से भी सशक्त बनना होगा। उन्होंने कहा कि समाज को सत्य, साहस और संगठन की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

    उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने छोटे और वंचित व्यापारियों को समान अवसर और सम्मान दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने दानवीर भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करता है, उसी प्रकार व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

    कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने व्यापारी समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और वैश्य समाज को जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर एक मजबूत संगठन के रूप में संगठित होने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मूलचंद गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार दानवीर भामाशाह ने अपने त्याग और योगदान से महाराणा प्रताप के संघर्ष को नई शक्ति प्रदान की थी, उसी प्रकार आज वैश्य समाज को भी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर आगे आना होगा।

    कार्यक्रम के संयोजक अधिवक्ता गौरव सिंघल ने कहा कि व्यापारी समाज की एकता समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चाहे व्यापारी छोटा हो या बड़ा, सभी के अधिकार समान हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा।

    इस अवसर पर श्रीमती सुनीता शारदा, शंभू पोखरियाल, रामनिवास बंसल, डी.पी. गोयल, राजेंद्र जैन, आलोक गुप्ता, विपिन अग्रवाल, बाबूलाल बंसल, मनोज गोयल, नेत्रपाल बंसल, विकास बंसल, भूपेंद्र मित्तल, मुकेश गुप्ता, राधेश्याम गोयल, धर्मवीर चौहान, मनोज भाटी, संदीप चौहान, दाताराम यादव, दिनेश यादव सहित अनेक व्यापारी, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम का समापन व्यापारी समाज की एकता, संगठन और अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

    More articles

    Latest article