ग्रेटर नोएडा/जेवर, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में शनिवार को एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-10 में अंबर ग्रुप और ऐसेंट (कोरिया सर्किट) के संयुक्त उपक्रम द्वारा स्थापित किए जाने वाले अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। लगभग 6,785 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली यह परियोजना उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश में हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी। साथ ही कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं कंपोनेंट निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निवेश उत्तर प्रदेश की इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण नीति, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण नीति तथा सेमीकंडक्टर नीति को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
उत्तर प्रदेश बन रहा इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण का वैश्विक केंद्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत तेजी से इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है। केंद्रीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में इस क्षेत्र में अभिनव रणनीति के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के सहयोग की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट के शिलान्यास के बाद इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण के क्षेत्र में यह एक और बड़ी उपलब्धि है। अंबर ग्रुप और कोरिया सर्किट का यह संयुक्त निवेश प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और देश को इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जेवर बना विकास और निवेश का नया केंद्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कभी पिछड़ेपन के लिए पहचाना जाने वाला जेवर आज विकास और निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिली है। लगातार बड़े निवेश प्रस्ताव आने से जेवर रोजगार और उद्योग का नया केंद्र बन रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, निवेश के अनुकूल माहौल, 36 सेक्टोरल नीतियां, सिंगल विंडो सिस्टम और लगभग 75 हजार एकड़ के लैंड बैंक के कारण देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। सरकार प्रत्येक निवेशक को समयबद्ध स्वीकृतियां और हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
आयात निर्भरता होगी कम
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण का बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि अंबर-कोरिया सर्किट की पीसीबी (Printed Circuit Board) निर्माण इकाई शुरू होने से भारत की आयात पर निर्भरता कम होगी और जेवर इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सेमीकंडक्टर उद्योग का प्रमुख हब बनेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग केंद्र बनकर उभरेगा।
ये रहे प्रमुख अतिथि
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सांसद सुरेंद्र नागर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, उत्तर प्रदेश शासन के सलाहकार अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई आलोक कुमार, यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम सहित शासन, प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस परियोजना को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे प्रदेश को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

